Friday, August 17, 2012

पंजाब, कालका और तूफान मेल से हिल गई थी ब्रिटिश हुकूमत

         


         भारत में 1857 से 1947 तक के संघर्ष में भारतीय वीरंगनाआें के बिना आजादी का ख्वाब शायद अधूरा होता। जिन्होंने अपने तीव्र और कड़े संघर्ष से ब्रिटिश शासन की चूलें हिलाकर रख दी। देशभर में तमाम महिला क्रांतिकारियों के समानांतर मेरठ में भी कुछ वीरंगनाआ ने अंग्रेजों को लोहे के चने चबाने पर मजबूर कर दिया था।
            मेरठ में 1930 के दौर में प्रमुख महिला क्रांतिकारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। उनके आजादी के संघर्ष आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं। इन महिला क्रांतिकारियों के तेज संघर्ष को देखकर ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिलाकर रख दीं थीं। जिसे तत्कालीन ब्रिटिश हुकूमत की खुफिया रिपोर्ट में दर्ज किया गया है। इनके संघर्ष की तुलना ब्रिटिश काल की सबसे तेज गति में चलने वाली रेलगाड़ियों से किया जाता था। इसमें तूफान मेल, पंजाब मेल और कालका मेल के नाम से इन महिला क्रांतिकारियों की संघर्ष की गति को जनमानस ने शिद्दत के साथ महसूस किया। इनमें मेरठ की तीन महिला क्रांतिकारी उर्मिला शास्त्री को तूफान मेल कहा जाता था, वह इसलिए क्योंकि जन आंदोलन के दौरान भीड़ में तेजी से भागती हुई चलती थीं। दूसरी मेरठ की ही प्रकाशवती सूद थीं जिन्हें लोग पंजाब मेल कहते थे, वह इसलिए क्योंकि ये पंजाबी थीं और अंग्रेज अधिकारियों के सामने अद्भुत साहस का परिचय देती थीं। मेरठ की तीसरी महिला क्रांतिकारी कुसुमलता गर्ग थीं जिन्हें लोग कालका मेल कहते थे, इन्हें कालका मेल इसलिए कहा जाता था क्योंकि ये सांवली थीं यह भीड़ के बीच लाखों की संख्या में तेजी से ब्रिटिशर्स का सामना करते हुए कूद जाती थीं।
           1930 में सविनय अवज्ञा आंदोलन हुआ, इसमें मेरठ की महिलाओं ने भाग लिया। इन महिलाओं में कुछ महिला क्रांतिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें प्रमुख रुप से दुर्गेश नंदनी, कमला चौधरी, प्रकाशवती सूद, उर्मिला शास्त्री, कुसुमलता गर्ग, विधावती, शांता आदि मेरठ की महत्वपूर्ण नेतृत्वकर्ताओं में थीं। उस दौरान आजादी के संघर्ष के लिए महिलाओं ने दो संगठन बनाए थे, जिनमें 'महिला सत्याग्रह समिति' और 'महिला चरखा संघ' नाम से जाने गए। महात्मा गांधी ने आजादी के संघर्ष के लिए दो अभियान चलाए थे, जिनमें 'जेल चलो, सत्याग्रह करो' राजनीतिक कार्यक्रम था। दूसरा कार्यक्रम 'चरखा संघ' का था, जो रचनात्मकता पर आधारित था इस कार्यक्रम के दौरान महिलाएं सूत कातकर, स्वदेशी वस्त्रों का प्रयोग करके, विदेशी चीजों का वहिष्कार करके विरोध जताती थीं। इन अभियानों को महिला क्रांतिकारियों ने बड़े ही मनोयोग से जारी रखा और कड़ा संघर्ष किया। ये अभियान 1930 में ही हुए, इनका जिक्र उस दौर की सरकारी एजेंसियों की पुलिस रिपोर्ट में भी दर्ज है।
रिपोर्ट में उल्लेख है कि महिलाओं के उत्साह का अद्भुत था, जिस दौरान वे जेल गर्इं थीं, विदेशी वस्त्रों की बाजारों में महिलाओं को देखकर विक्रे्रता अपनी दुकानों के शटर गिरा देते थे।
       1930 से 32 तक मेरठ की महिला क्रांतिकारियों की शक्ति का अंदाजा अन्य तत्कालीन पुलिस अधिकारियों द्वारा लिखी रिपोर्ट से इनके जोरदार और तीव्र संघर्ष का खुलासा हुआ था। यूपी पुलिस के इंस्पेक्टर 'जनरल डॉड' ने इंटेलीजेंस ब्यूरो गवर्नमेंट आॅफ इंडिया को लिखा कि 'इस आंदोलन का एक नया सुप्रसिद्ध तथ्य यह है कि महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया, इसमें संदेह नहीं कि महिलाओं के बिना आंदोलन उतनी तीव्रता से नहीं चल सकता था, जो हमें देखने को मिला।' इसी तरह महिलाओं की तीव्र सक्रियता को देखकर मेरठ के तत्कालीन कमीशनर 'पी डब्लू मार्श' ने लिखा कि 'समूचे आंदोलन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा यह था कि महिलाएं राजनीतिज्ञ बन गर्इं और उनमें बड़ा राष्ट्रवादी जोश देखने को मिला।' महिलाओं के कड़े संघर्ष को देखकर 'वायसराय लार्ड इर्विन' ने कहा कि 'संपूर्ण आंदोलन का एक गंभीर तथ्य यह है कि महिलाओं ने इसका पूर्ण समर्थन किया।' पंडित जवाहर लाल नेहरु ने लिखा कि 'अधिकतम आदमी जेलों में बंद थे, ऐसी स्थिति में एक महत्वपूर्ण घटना यह घटी कि महिलाएं आगे आर्इं और उन्होंने बढ़-चढ़कर आंदोलन का समर्थन किया और भाग लिया।'
       वरिष्ठ इतिहासकार एसके मित्तल कहते हैं कि सविनय अवज्ञा आंदोलन 1930 से 34 तक चला और असहयोग आंदोलन 1920 से 22 तक चला, लेकिन इसके बाद देश में सबसे बड़ा जनअंदोलन यही था। दोनों ही आंदोलनों में भारत ने ब्रिटिश शासन को हिलाकर रख दिया। जिसमें मेरठ की महिला क्रांतिकारियों का तेज और कड़ा संघर्ष महत्वपूर्ण रहा है।  

No comments:

Post a Comment